मीना तिवारी और छाया पाण्डेय को ‘अंग महिला सम्मान’ से नवाज़ा गया

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

अंगिका और हिन्दी साहित्य की वरिष्ठ साहित्यकार मीना तिवारी और छाया पाण्डेय को उनके आवास पर ‘जन गण’ की ओर से ‘अंग महिला सम्मान’ प्रदान किया गया। यह सम्मान विशेष रूप से महिलाओं के अधिकारों, गरिमा और साहित्यिक-सामाजिक योगदान को रेखांकित करने के लिए दिया जाता है।

मीना तिवारी इससे पूर्व भी अनेक साहित्यिक पुरस्कारों और सम्मानों से नवाज़ी जा चुकी हैं। उनकी प्रकाशित पुस्तकें क्षेत्रीय भाषा और समाज के बीच सेतु का कार्य करती हैं। वहीं, छाया पाण्डेय का लेखन भी महिला सशक्तिकरण और सामाजिक चेतना को आगे बढ़ाने में उल्लेखनीय रहा है।

24 अगस्त को नोपानी छात्रावास, भागलपुर में अंगिका साहित्यकार उचितलाल सिंह की स्मृति में ‘अंग महिला सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया था। किन्हीं कारणोंवश मीना तिवारी और छाया पाण्डेय कार्यक्रम में सम्मिलित नहीं हो सकीं। इसी कारण ‘जन गण’ के प्रतिनिधियों ने उनके आवास पर जाकर उन्हें यह सम्मान भेंट किया।

सम्मान भेंट करने वालों में ‘जन गण’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर मंडल, वरिष्ठ गांधीवादी चिंतक और लेखक डॉ. मनोज मीता, अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चित्रकारा पिंकी कुमारी तथा वरिष्ठ पत्रकार और समाजसेवी प्रसून लतांत शामिल रहे। इन सभी ने संयुक्त रूप से दोनों साहित्यकारों को सम्मानित किया और उनके योगदान की सराहना की।

इस अवसर पर मीना तिवारी के पुत्र अधिवक्ता डॉ. राजेश तिवारी, चर्चित फिल्म अभिनेता अजेश साहू सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।