न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
सिविल सर्जन एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक सह जिला कार्यक्रम प्रबंधक, स्वास्थ्य विभाग की अध्यक्षता में बुधवार को सदर अस्पताल के सभागार में सभी प्रखंडों के साथ MDSR (Maternal Death Surveillance Response) बैठक आयोजित की गई।
बैठक में एमडीएसआर रिपोर्टिंग प्रणाली को और बेहतर बनाने, प्रसव पूर्व एवं प्रसवोत्तर जांच को सुदृढ़ करने, मातृ मृत्यु के कारणों की पहचान करने और उससे संबंधित सुधारात्मक कदम उठाने पर बल दिया गया।
सिविल सर्जन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक प्रखंड में उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की सूची नियमित रूप से अपडेट की जाए और उन्हें समय पर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही, स्वास्थ्य उपकेंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में जागरूकता कार्यक्रम बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि मातृ मृत्यु की समय पर रिपोर्टिंग से जिले में स्वास्थ्य योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलती है। बैठक के दौरान आगामी महीनों के लिए कार्ययोजना तैयार की गई और संबंधित पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी, जिला सामुदायिक उत्प्रेरक, सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, उपाधीक्षक, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, अस्पताल प्रबंधक, प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक तथा आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के कार्यक्रम समन्वयक उपस्थित रहे।बैठक में मातृ मृत्यु की निगरानी, कारणों की समीक्षा, रिपोर्टिंग व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।



























