न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
जिले में उत्पाद विभाग ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। मोहनियां थाना क्षेत्र स्थित जांच चौकी पर वाहन जांच के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने आगरा से बिहार लाई जा रही शराब की बड़ी खेप पकड़ी। बरामद शराब की ब्लैक मार्केट में कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली–कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित मोहनियां चेक पोस्ट पर नियमित जांच के दौरान उत्पाद विभाग ने 12 चक्का ट्रक (संख्या NL03AA7534) को रोका। संदेह होने पर ट्रक को स्कैनर मशीन से जांचा गया, जिसमें ट्रक के अंदर लकड़ी से बना एक गुप्त तहखाना पाया गया। तलाशी के दौरान तहखाने से कुल 751 कार्टन विदेशी शराब, जिसकी मात्रा लगभग 6687 लीटर बताई जा रही है, बरामद की गई।
इस मामले में ट्रक चालक गंगाराम, पिता हलियाजी, निवासी छाड़ी (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब की यह खेप आगरा से पटना खपाने के लिए ले जाई जा रही थी।
उत्पाद अधीक्षक कैमूर गौतम कुमार ने बताया कि जब्त शराब की कीमत सामान्य बाजार में लगभग 50 से 55 लाख रुपये है, जबकि बिहार में प्रतिबंध के कारण इसकी कीमत ब्लैक मार्केट में एक करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है। उन्होंने कहा कि शराब को जब्त कर लिया गया है और यह पता लगाया जा रहा है कि शराब किसकी है तथा इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
फिलहाल उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के लिए पूछताछ की जा रही है।

































