चकला निर्मली-झखराही बस्ती में विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित, उमड़ा सनातनियों का जनसैलाब

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

जिला मुख्यालय स्थित चकला निर्मली और झखराही वार्ड 26 स्थित ब्रह्म स्थान बाबा के परिसर में रविवार 25 जनवरी को एक विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता सत्यनारायण मंडल ने की, जबकि मंच संचालन आयोजन समिति के कोषाध्यक्ष नलिन जायसवाल द्वारा किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत चैती दुर्गा मंदिर से निकाली गई भव्य कलश यात्रा के साथ हुई, जिसमें 108 कन्याओं एवं माताओं ने भाग लिया। कलश यात्रा में स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ कई साधु-संतों की भी सहभागिता रही, जिससे पूरा क्षेत्र धर्ममय वातावरण से सराबोर हो गया।
सम्मेलन के मुख्य वक्ता प्रांत गौ सेवा संवर्धन प्रमुख श्री उमाशंकर खां रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना वर्ष 1925 में हुई थी और तब से संघ निरंतर हिंदू समाज को संगठित करने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संघ के माध्यम से पंच परिवर्तन के विचार को समाज तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे न केवल समाज बल्कि विश्व का भी कल्याण संभव है।उन्होंने पंच परिवर्तन के अंतर्गत सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्व-आधारित जीवन शैली एवं नागरिक कर्तव्य जैसे विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला।सम्मेलन को अन्य वक्ताओं में माधव झा, सत्यनारायण मंडल, रामनारायण मंडल, विनोद कुमार साह, अनिल सिंह, अरुण कुमार, कुशेश्वर दास एवं सरोज श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया।कार्यक्रम के दौरान हजारों सनातनी श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर एक साथ श्रीराम खिचड़ी, तिलौड़ी एवं अचार का प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति एवं समाज के सभी वर्गों के सहयोग से यह विराट हिंदू सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।