मरौना अंचल में अगलगी, दो घर जल कर राख, मवेशी भी झुलसे

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

जिले के मरौना अंचल क्षेत्र के सरोजा बेला पंचायत के कुलहरिया गांव वार्ड संख्या एक में सोमवार की रात अचानक भीषण आग लग गई। उस समय पूरा परिवार गहरी नींद में सोया हुआ था। अचानक उठी लपटों को देख जब लोगों की नींद टूटी तो अफरा-तफरी मच गई। इस अग्निकांड में एक ही परिवार के दो घर जलकर राख हो गए, वहीं घर में रखे कपड़ा, बर्तन, अनाज व अन्य सामान सहित लाखों रुपये की संपत्ति स्वाहा हो गई। घटना में दो मवेशी भी झुलस गए।ग्रामीणों ने बताया कि आग कुल्हड़िया निवासी कौशल यादव के घर लगी थी।

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दोनों घरों को अपनी चपेट में ले लिया। अचानक लगी इस आग का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन को अवगत कराया गया। पीड़ित परिवार ने सरकारी सहायता की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि अग्निकांड से परिवार पूरी तरह से संकट में पड़ गया है।