- ओपन एयर थिएटर, सैंडिस कंपाउंड में तीन दिनों तक संगीत, नृत्य, चित्रकला, प्रशिक्षण कार्यशाला और कवि सम्मेलन जैसे कार्यक्रम
न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन, भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 9, 10 एवं 11 मार्च 2026 को मंजूषा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह महोत्सव शहर के ओपन एयर थिएटर, सैंडिस कंपाउंड में आयोजित होगा, जिसमें अंग क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और लोक कला मंजूषा कला को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा।
महोत्सव के दौरान तीन दिनों तक कला, साहित्य और संस्कृति से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें मंजूषा संगीत, संगीत संध्या, नृत्य-संगीत कार्यक्रम, चित्रकला प्रतियोगिता, मंजूषा प्रशिक्षण कार्यशाला, स्टॉल प्रदर्शनी, मंजूषा चित्रकला प्रदर्शनी, कवि सम्मेलन तथा मंजूषा कला का लाइव डेमो जैसी विविध सांस्कृतिक गतिविधियाँ शामिल रहेंगी।
आयोजन का उद्देश्य अंग क्षेत्र की पारंपरिक मंजूषा चित्रकला को नई पीढ़ी तक पहुँचाना और स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करना है। इसके साथ ही प्रकृति और संस्कृति के समन्वय को भी महोत्सव के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।
कार्यक्रम में कलाकारों, साहित्यकारों और कला प्रेमियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रशिक्षण और शोध आधारित गतिविधियाँ भी रखी गई हैं। महोत्सव में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी पोस्टर में दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर पंजीकरण कर सकते हैं।
































