न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
जिले में बढ़ती सर्दी और घने कोहरे के बीच सड़क दुर्घटनाओं में इजाफा होने पर जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। कम विजिबिलिटी, हेडलाइट की तेज चमक और भारी वाहनों के स्पष्ट न दिखने से हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जिला पदाधिकारी के निर्देश पर जिला परिवहन कार्यालय ने व्यापक सड़क सुरक्षा अभियान शुरू किया है।अभियान के तहत जिले में सभी वाहनों—ट्रक, बस, ऑटो, ट्रैक्टर, निजी और सरकारी वाहनों—पर रेट्रो रिफ्लेक्टिव/रेडियम टेप लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। परिवहन पदाधिकारी के अनुसार यह निर्णय त्वरित, अत्यावश्यक और जनहित में लिया गया है, ताकि वाहन दूर से ही नजर आएं और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।निर्धारित अवधि में जन-जागरूकता के साथ-साथ अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।अधिकृत एजेंसी को निजी व वाणिज्यिक वाहनों में न्यूनतम शुल्क पर टेप लगाने का निर्देश है, जबकि सरकारी वाहनों और एम्बुलेंसों में यह कार्य मुफ़्त में किया जा रहा है।साइकिल और बाइक पर मुफ्त रिफ्लेक्टिव टेप।समीक्षा में पाया गया कि साइकिल और मोटरसाइकिल पर रिफ्लेक्टिव टेप न होने से दुर्घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। इसे ध्यान में रखते हुए इन पर पूरी तरह मुफ्त में रिफ्लेक्टिव टेप लगाने का निर्णय लिया गया है।प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर परिवहन विभाग की टीमें कैंप लगाकर यह कार्य कर रही हैं।
सरकारी वाहनों में भी लगाया गया टेप
अभियान के क्रम में समाहरणालय परिसर में सभी सरकारी पदाधिकारियों के वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाया गया। प्रशासन का कहना है कि इससे जनता में संदेश जाएगा कि सड़क सुरक्षा का पालन सभी को करना चाहिए।विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस वाहन एवं राष्ट्रीय/राज्य उच्च पथों पर चल रहे मालवाहक वाहनों पर भी टेप लगाया गया है। वाहन चालकों ने इस पहल का स्वागत किया है।चेकिंग और जागरूकता अभियान तेज,परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि रिफ्लेक्टिव टेप लगने के बाद वाहन 100–150 मीटर की दूरी से दिखाई देने लगते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका काफी कम हो जाती है।सभी थानाध्यक्षों और यातायात पदाधिकारियों को सतत चेकिंग,प्रचार-प्रसार और वाहनों में नियमों के पालन को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
जिला परिवहन पदाधिकारी संजीव कुमार सज्जन ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। अपने वाहन, मोटरसाइकिल और साइकिल पर रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप अवश्य लगवाएं। यह छोटा सा कदम आपकी सुरक्षा को कई गुना बढ़ा देता है।

































