मालदा मंडल में सतर्कता जागरूकता अभियान की हुई शुरुआत, भागलपुर, साहिबगंज में नुक्कड़ नाटक

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

पूर्व रेलवे के मालदा मंडल में सतर्कता जागरूकता अभियान 2025 की पूर्व तैयारी के रूप में 18 अगस्त से 17 नवंबर तक तीन महीने लंबा सतर्कता जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। मंडल रेल प्रबंधक, मालदा मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में यह अभियान “सतर्कता – हमारी साझा जिम्मेदारी” विषय पर आधारित है। इसका उद्देश्य रेलवे कर्मचारियों व आम जनता के बीच पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी को लेकर जागरूकता फैलाना है।

अभियान की शुरुआत 18 अगस्त (सोमवार) को ईस्टर्न रेलवे हाई स्कूल, साहिबगंज में आयोजित नुक्कड़ नाटक से हुई। छात्रों द्वारा प्रस्तुत इस नाटक में ईमानदारी, सतर्कता और भ्रष्टाचार उन्मूलन में सक्रिय भागीदारी के महत्व को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। यह कार्यक्रम छात्रों में नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने में सहायक रहा।

इसी दिन भागलपुर रेलवे स्टेशन पर एक कर्मचारी शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कर्मचारियों को अपनी समस्याएं सामने रखने हेतु प्रोत्साहित किया गया। इस पहल का उद्देश्य प्रशासनिक पारदर्शिता सुनिश्चित करना और अधिकारियों व कर्मचारियों के बीच विश्वास को सुदृढ़ बनाना है।

अभियान के अंतर्गत मालदा मंडल विभिन्न गतिविधियां संचालित कर रहा है, जिनमें जन-जागरूकता कार्यक्रम, शपथ ग्रहण समारोह, सेमिनार, पोस्टर व बैनर प्रदर्शनी, तथा अन्य जनसंपर्क गतिविधियाँ शामिल हैं, ताकि कर्मचारियों और आम जनता को सतर्कता के महत्व से अवगत कराया जा सके।