न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल/ राघोपुर
राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही धर्मपट्टी एनएच-27 किनारे रविवार सुबह करीब 9 बजे एक मोटर पार्ट्स की दुकान में बड़ी चोरी की घटना सामने आई। घटना का खुलासा तब हुआ जब दुकान के बगल के पड़ोसी ने देखा कि मोटर पार्ट्स दुकान का ताला टूटा हुआ है। पड़ोसी ने तत्काल इसकी सूचना दुकान मालिक को फोन पर दी। सूचना मिलते ही दुकान मालिक मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।
दुकान मालिक मनीष कुमार ने बताया कि चोरों ने दुकान से करीब 20 पीस टायर, 10 कार्टून मोबिल ऑयल, एक मोटर मशीन समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया है। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई जा रही है। दुकान के अंदर का सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था, जिससे साफ जाहिर होता है कि चोरों ने पूरी योजना के साथ इस घटना को अंजाम दिया।
घटना के बाद से इलाके के दुकानदारों और व्यवसायियों में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय व्यवसायियों का कहना है कि सिमराही बाजार में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, लेकिन पुलिस की गश्ती व्यवस्था नाकाफी साबित हो रही है। इससे असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं और वे बेखौफ होकर चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
व्यवसायियों ने घटना को लेकर आक्रोश जताते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही पुलिस गश्ती दल नहीं बढ़ाया गया तो व्यापार करना मुश्किल हो जाएगा। खासकर एनएच-27 जैसे व्यस्त मार्ग के किनारे स्थित दुकानों में चोरी की घटनाएं होना कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। व्यवसायियों को उम्मीद है कि पुलिस की सक्रियता से ऐसे मामलों पर अंकुश लगेगा और बाजार में सुरक्षा का माहौल बहाल

































