फारबिसगंज में बड़ी लूट: किराना दुकानदार को बंधक बनाकर 8.21 लाख लूटे, पूरी वारदात CCTV में कैद

न्यूज स्कैन ब्यूरो, अररिया

जिले के फारबिसगंज के दीनदयाल चौक पर बीती रात हथियारबंद बदमाशों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। नकाबपोश चार अपराधी बाइक से पहुंचे और किराना दुकानदार सुरेंद्र कनौजिया की दुकान में घुसते ही ताबड़तोड़ लूट शुरू कर दी।
CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि अपराधियों ने दुकानदार और कर्मचारी को बंदूक की नोक पर बंधक बनाया और करीब 8 लाख 21 हजार रुपए कैश लूटकर फरार हो गए। वारदात के वक्त दुकानदार दुकान में ही मौजूद था।
सूत्रों के मुताबिक, यह घटना रात के सन्नाटे में हुई, लेकिन दुकान में लगे CCTV कैमरों ने पूरी घटना रिकॉर्ड कर ली। फुटेज सामने आते ही मामला इलाके में सुर्खियों में है।
पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए स्पेशल टीम गठित की गई है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
घटना के बाद स्थानीय लोग और व्यापारी दोनों डरे और आक्रोशित हैं। व्यापारियों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा को मजबूत करने की मांग की है।