न्यूज स्कैन ब्यूरो, कटिहार
जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के मूसापुर चौक के समीप मंगलवार की दोपहर करीब 1 बजे एक भीषण सड़क हादसा देखने को मिला । मिली जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार ट्रक गेड़ाबाड़ी से पूर्णिया की ओर जा रहा था, जबकि ऑटो पूर्णिया से गेड़ाबाड़ी की ओर आ रहा था। मूसापुर चौक के पास ट्रक ने ऑटो और दो बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि ऑटो और बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे में ऑटो पर सवार 4 से 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर निजी वाहनों की मदद से कोढ़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही कोढ़ा थाना अध्यक्ष सुजीत कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। इसी बीच डीएसपी रंजन कुमार सिंह भी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से बातचीत कर बेहतर इलाज के लिए तुरंत पूर्णिया रेफर करने का निर्देश दिया। जिसके बाद सभी गंभीर रूप से घायल मरीजों को पूर्णिया मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
घायलों में हीरा मंडल (45 वर्ष) की पहचान हुई है, जो ऑटो से पूर्णिया से मरगिहा जा रहे थे। वे बरारी थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। इसके अलावा ऑटो में सवार पति-पत्नी और साली भी घायल हुए हैं। यह परिवार मरंगा थाना क्षेत्र का रहने वाला है और ससुराल खेरिया जा रहा था। फिलहाल पत्नी काशी देवी और साली अंजली देवी की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, स्थानीय लोगों की तत्परता से घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे बड़ी अनहोनी फिल्हाल टल गई है और घायलो को इलाज जारी है।
वहीं, पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है ।


























