राघोपुर में अवैध शराब कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 44 बोतल नेपाली शराब के साथ एक गिरफ्तार

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

मद्य निषेध थाना सिमराही की पुलिस ने शनिवार को अवैध शराब कारोबार पर नकेल कसते हुए व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। थाना क्षेत्र के कई इलाकों राघोपुर, चिकनापट्टी, धरहरा, इटवा, भैयाराम चकला और कोरियापट्टी में पुलिस टीम ने दबिश दी। अभियान के दौरान चिकनापट्टी में पुलिस को सबसे बड़ी सफलता मिली, जहां एक शराब कारोबारी को भारी मात्रा में नेपाली शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।
थानाध्यक्ष संजय कुमार ने जानकारी दी कि छापेमारी के क्रम में हरे राम यादव नामक कारोबारी को 44 बोतल दिलवाले ब्रांड की नेपाली शराब (कुल 13.200 लीटर) के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस का यह अभियान क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
छापेमारी दल में विजय कुमार, अंजलि कुमारी, राम बिहारी राम, शुभलक्ष्मी कुमारी सहित गृह रक्षक बल के जवान सक्रिय भूमिका में थे। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।