भभुआ सदर अस्पताल में बड़ी लापरवाही: नाली में बहा दिया गया 5 लाख का OT क्लीनिंग स्प्रे, उठे गंभीर सवाल

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
भभुआ सदर अस्पताल एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार मामला ऑपरेशन थियेटर में उपयोग होने वाले हाई-ग्रेड क्लीनिंग स्प्रे HiGenoMB के लगभग 5 लाख रुपये मूल्य के स्टॉक को नाली में बहा देने का है। घटना सिविल सर्जन कार्यालय के पास तब सामने आई जब मीडिया कर्मियों ने इसे मौके पर देखा।
जानकारी के अनुसार, अस्पताल परिसर में स्थित पुराने दवा स्टोर भवन को तोड़ा जा रहा है। इसी प्रक्रिया के दौरान वहां रखी दवाओं और सामग्री को अन्य जगह शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान किसी ने OT में प्रयुक्त होने वाले स्प्रे के 50 डिब्बों को खोलकर नाली में बहाना शुरू कर दिया, जबकि इनका एक्सपायरी डेट अप्रैल 2026 है। एक डिब्बे की कीमत लगभग 10 हजार रुपये है, जिससे कुल नुकसान लगभग 5 लाख रुपये का बताया जा रहा है।
मीडिया की नजर पड़ते ही आनन-फानन में स्प्रे को नाली में बहाने की प्रक्रिया रोकी गई और बचे हुए बॉक्स स्टोर में वापस रख दिए गए। घटना सामने आने के बाद सिविल सर्जन ने तत्काल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
स्टोर कीपर ने बताया कि उन्हें नहीं पता था कि महिला सफाई कर्मी इन स्प्रे को नाली में क्यों बहा रही थी। जैसे ही जानकारी मिली, उसे तुरंत रोक दिया गया।
मामला गंभीर इसलिए भी है क्योंकि सरकार हर साल करोड़ों रुपए खर्च कर गरीब मरीजों के लिए दवाएं और आवश्यक चिकित्सा सामग्री उपलब्ध कराती है। ऐसे में अस्पताल कर्मियों की लापरवाही से लाखों रुपये की सामग्री का यूं नाली में बह जाना बड़ी लापरवाही और भ्रष्ट मानसिकता को दर्शाता है।
अब सवाल यह है कि इस पूरे प्रकरण में दोषी कौन है? क्या यह महज एक गलती है या किसी बड़े खेल का हिस्सा? जांच रिपोर्ट ही तय करेगी कि इतनी बड़ी लापरवाही में कौन-कौन शामिल है और अस्पताल प्रबंधन क्या कार्रवाई करता है।