वीरपुर थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई, 171 लीटर नेपाली शराब जब्त, तस्कर फरार

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

वीरपुर थाना क्षेत्र में 16 जनवरी 2026 को पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाल निर्मित देशी शराब की खेप बरामद की है। पुलिस ने मौके से दिलवाले सोफी ब्रांड की 19 कार्टन शराब (प्रति कार्टन 30 बोतल) जब्त की, जिसकी कुल मात्रा 171 लीटर बताई गई है। इसके साथ ही एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।पुलिस के अनुसार गश्ती के दौरान संदिग्ध गतिविधि देख पुलिस बल ने जब जांच शुरू की तो पुलिस को देखते ही मोटरसाइकिल चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। तस्कर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और उसके विरुद्ध विधिसम्मत अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद सीमावर्ती क्षेत्रों से लगातार शराब तस्करी के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन पुलिस पूरी सतर्कता के साथ ऐसे मामलों पर कार्रवाई कर रही है। बरामद शराब को जब्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि शराब तस्करी से संबंधित किसी भी सूचना की जानकारी तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाना को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।