न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
बाईपास थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने रविवार को बड़ी सफलता अर्जित की। संध्या गश्ती के दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि ग्राम पिस्ता में अवैध रूप से देशी चुलाई शराब तैयार की जा रही है। सूचना के आधार पर थाना अध्यक्ष प्रभात कुमार शर्मा के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक घर से 21 लीटर देशी चुलाई शराब बरामद की। जिनमें 15 लीटर क्षमता वाला एक प्लास्टिक गैलन, दो हरे रंग के दो-दो लीटर वाले बोतल तथा एक सफेद रंग का दो लीटर वाला बोतल शामिल है। मौके से पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसकी पहचान सोनू मंडल 35 वर्ष, पिता कैलाश मंडल, निवासी ग्राम पिस्ता के रूप में हुई है। थाना अध्यक्ष प्रभात कुमार शर्मा ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है और शराब का निर्माण, बिक्री, खरीद, परिवहन तथा भंडारण दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है। उन्होंने कहा कि पुलिस अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।

































