सिमराही एनएच-27 पर बड़ा हादसा टला: अनियंत्रित होकर खेत में पलटी कार, ड्राइवर समेत पांच लोग बाल-बाल बचे

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल/ राघोपुर

राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही धर्मपट्टी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 27 (एनएच-27) पर सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार से जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से उतरकर पलटते हुए पास के खेत में जा गिरी। कार में सवार ड्राइवर समेत कुल पांच लोग इस हादसे में बाल-बाल बच गए। हालांकि दुर्घटना में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार सिमराही की ओर से एनएच-27 पर गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। देखते ही देखते कार सड़क से नीचे उतर गई और कई बार पलटी खाते हुए खेत में जाकर रुक गई। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। कुछ देर के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने बिना देर किए राहत कार्य शुरू किया और कार में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत यह रही कि कार में सवार किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई। कुछ लोगों को हल्की खरोंचें और मामूली चोटें आईं, लेकिन किसी को अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत नहीं पड़ी। सभी को सुरक्षित बताया जा रहा है।
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार को खेत को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

सूचना मिलते ही राघोपुर थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। इस संबंध में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि “घटनास्थल पर पुलिस पहुंच चुकी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।”
थानाध्यक्ष ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार या वाहन में किसी तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है और वाहन से संबंधित कागजातों की भी जांच की जा रही है।
बताया गया कि दुर्घटनाग्रस्त कार का नंबर BR01HH1273 है। कार में सवार सभी लोग और चालक अररिया जिले के संग्राम निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं स्थानीय लोगों ने एनएच-27 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।