न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
शहर के ऐतिहासिक एवं श्रद्धा के प्रमुख केंद्र श्री श्री 108 बाबा भूतनाथ मंदिर, यूनिवर्सिटी रोड, साहेबगंज (भागलपुर) में महाशिवरात्रि महोत्सव 2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक महोत्सव 14 फरवरी से 16 फरवरी 2026 तक चलेगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
मंदिर समिति द्वारा जारी आमंत्रण के अनुसार, मुख्य महाशिवरात्रि पर्व 15 फरवरी 2026 (रविवार) को मनाया जाएगा। इस दिन सुबह 6 बजे से रात्रि तक विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक, शिव विवाह, भजन-कीर्तन एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।
तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों की रूपरेखा
14 फरवरी 2026 (शनिवार):
मंडप पूजन, भव्य श्रृंगार एवं महाभोग वितरण।
15 फरवरी 2026 (रविवार):
महाशिवरात्रि के अवसर पर दिव्य शिव विवाह, भजन संध्या एवं प्रसाद वितरण।
16 फरवरी 2026 (सोमवार):
विशेष श्रृंगार पूजा एवं महाभोग वितरण।
मंदिर प्रांगण को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा तथा भक्तों की सुविधा के लिए समिति की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील
बाबा भूतनाथ मंदिर समिति एवं शिवभक्तगण ने शहरवासियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सपरिवार इस पावन आयोजन में शामिल होकर बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करें। मंदिर समिति ने बताया कि महाशिवरात्रि महोत्सव केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक ऊर्जा का उत्सव है।


























