- महगामा–हंसडीहा एनएच-133 खंड का निरीक्षण
- गुणवत्ता, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं का लिया गया जायजा
न्यूज स्कैन रिपाेर्टर/ देवघर, रांची, भागलपुर
National Highways Authority of India (एनएचएआई) रांची के जनरल मैनेजर विजय कुमार एवं देवघर के प्रोजेक्ट डायरेक्टर प्रभात रंजन पांडेय की अध्यक्षता में राष्ट्रीय राजमार्ग-133 के महगामा–हंसडीहा खंड का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान निर्माण गुणवत्ता, सुरक्षा प्रबंध, टोल प्लाजा संचालन तथा सड़क किनारे किए गए पौधारोपण कार्यों का जायजा लिया गया।
अधिकारियों ने परियोजना के निर्माण मानकों और यात्री सुविधाओं की सराहना करते हुए इसे क्षेत्रीय विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। यह खंड देवघर, दुमका और गोड्डा जिलों को सुदृढ़ रूप से जोड़ता है, जिससे आवागमन सुगम होने के साथ-साथ व्यापारिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिल रही है।
फोरलेन निर्माण कार्य पूर्ण, यात्रा हुई अधिक सुरक्षित
झारखंड राज्य के देवघर जिले में एनएच-133 के महगामा–हंसडीहा खंड (कि.मी. 41+900 से 93+000) के फोरलेन निर्माण कार्य में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। कुल 51.825 किलोमीटर लंबी इस परियोजना को हाइब्रिड एन्युटी मोड (HAM) के तहत 976 करोड़ रुपये की लागत से क्रियान्वित किया जा रहा है। परियोजना के कंसेशनायर एम/एस महगामा–हंसडीहा हाईवेज़ लिमिटेड तथा स्वतंत्र अभियंता एम/एस एल.एन. मालवीय इंफ्रा प्रोजेक्ट्स प्रा. लि. हैं।
परियोजना पूर्ण होने से बिहार के भागलपुर से देवघर तक की यात्रा अब अधिक सुरक्षित, सुगम और समयबचत वाली हो गई है। अंतरराज्यीय संपर्क मजबूत होने से क्षेत्र में व्यापार और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
परियोजना की प्रमुख तकनीकी विशेषताएँ
22.485 कि.मी. लंबा बाईपास
06 प्रमुख पुल (Major Bridges)
12 लघु पुल (Minor Bridges)
03 वी.यू.पी. (Vehicular Underpasses)
08 एल.वी.यू.पी. (Light Vehicular Underpasses)
07 एस.वी.यू.पी. (Small Vehicular Underpasses)
65 नए पुलिया निर्माण
36 पुलियों का पुनर्निर्माण
01 टोल प्लाजा (चेनज 36+555 से 36+820)
निरीक्षण के दौरान टोल प्लाजा की कार्यप्रणाली, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने सड़क किनारे हरित पट्टी विकसित करने के लिए किए गए पौधारोपण कार्यों की भी सराहना की।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बड़ा लाभ
यह मार्ग धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यही मार्ग देवघर स्थित विश्वविख्यात बाबा बैद्यनाथ धाम (बाबा मंदिर) तक पहुँच को आसान बनाता है। सावन माह और अन्य पर्वों के दौरान लाखों श्रद्धालु इस मार्ग से देवघर पहुंचते हैं। बेहतर सड़क, चौड़ी लेन और आधुनिक सुविधाओं के कारण श्रद्धालुओं को अब अधिक सुरक्षित और सहज यात्रा अनुभव मिलेगा।
क्षेत्रीय विकास को नई गति
एनएच-133 का महगामा–हंसडीहा खंड न केवल झारखंड के आंतरिक संपर्क को मजबूत करता है, बल्कि बिहार और झारखंड के बीच आवागमन को भी तेज बनाता है। यात्रा समय में कमी, सड़क सुरक्षा में सुधार और आधुनिक अवसंरचना से क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परियोजना गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरी की गई है और भविष्य में भी नियमित निरीक्षण के माध्यम से रखरखाव सुनिश्चित किया जाएगा।


























