न्यूज स्कैन ब्यूरो, भागलपुर
सैंडिस कंपाउंड, भागलपुर में खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में जारी राज्यस्तरीय अंडर-19 बालक क्रिकेट प्रतियोगिता के आज दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में मगध प्रमंडल ने भागलपुर को 45 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
मगध प्रमंडल ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए तेज शुरुआत की। टीम ने शुरुआती 5 ओवरों में ही 50 रन जड़ दिए और एक समय 150 से 200 के स्कोर की ओर बढ़ती दिख रही थी। हालांकि भागलपुर के गेंदबाजों ने सधी हुई वापसी की और पूरी टीम को 20 ओवर में 133 रनों पर रोक दिया।
भागलपुर की ओर से विराज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 3 विकेट चटकाए, जबकि आरव ने 2 विकेट अपने नाम किए। मगध प्रमंडल की ओर से आदर्श राज ने 23 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 31 रन बनाए। वहीं आयुष कुमार ने 15 गेंदों में 24 रनों का योगदान दिया।
134 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भागलपुर टीम की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। ओपनर अनय सिंह 10 गेंदों में सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। दूसरे ओपनर रितेश कुमार ने 21 गेंदों में 2 छक्कों की मदद से 18 रन बनाकर पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन वे भी रन आउट हो गए।
भागलपुर के बल्लेबाज लगातार रन आउट होते रहे, जिससे टीम दबाव में आ गई। दूसरे छोर पर मगध के खिलाड़ियों ने कमाल का फील्डिंग प्रदर्शन करते हुए भागलपुर को अतिरिक्त रन लेने का कोई मौका नहीं दिया। परिणामस्वरूप भागलपुर की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर सिर्फ 88 रन ही बना सकी।
मगध प्रमंडल के सभी गेंदबाजों को एक-एक विकेट मिला, लेकिन उनका उत्कृष्ट कैचिंग और तीन महत्वपूर्ण रन आउट टीम की जीत की असली वजह बने। इसी जीत के साथ मगध प्रमंडल ने फाइनल में प्रवेश कर लिया है, जहां उसका मुकाबला कल पूर्वाह्न 9 बजे तिरहुत प्रमंडल से होगा।
जिला खेल पदाधिकारी जयनारायण कुमार ने बताया कि फाइनल मुकाबले के बाद कल अपराह्न 1 बजे पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया।


































