- ईशा फाउंडेशन को एलपीजी शवदाह गृह के लिए जमीन तलाशने का निर्देश
न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
ईशा फाउंडेशन, कोयम्बटूर की ओर से राज्य के छह शहरों पटना, गया, छपरा, सहरसा, भागलपुर एवं बेगूसराय में गैस (एलपीजी) आधारित शवदाह गृह की स्थापना एवं संचालन के प्रस्ताव को लेकर जिला प्रशासन ने प्रक्रिया तेज कर दी है। इस क्रम में भागलपुर समाहरणालय की राजस्व शाखा ने संबंधित अंचल अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर उपयुक्त भूमि का प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
समाहरणालय से जारी पत्र के अनुसार ईशा फाउंडेशन द्वारा प्रत्येक शहर में एक-एक एकड़ भूमि 1 रुपये की टोकन राशि पर 33 वर्षों की अवधि के लिए लीज पर देने की सैद्धांतिक स्वीकृति मांगी गई है। इस संबंध में पथ निर्माण विभाग के अभियंता प्रमुख (मुख्यालय) के पत्रांक-7739 दिनांक 18 नवंबर 2025 एवं समाहरणालय के पत्रांक-5221/रा० दिनांक 25 नवंबर 2025 के आलोक में सभी जिलों से प्रतिवेदन/प्रस्ताव मांगा गया था, जो अब तक अप्राप्त है।
इसी को लेकर अपर समाहर्ता भागलपुर ने अंचल अधिकारी, सबौर सहित संबंधित अधिकारियों को स्मारित करते हुए निर्देश दिया है कि अपने अंचल क्षेत्र में एलपीजी आधारित शवदाह गृह की स्थापना के लिए उपयुक्त एवं सुयोग्य भूमि की पहचान कर एक एकड़ भूमि का विस्तृत भू-प्रस्ताव अभिलेख सहित एक सप्ताह के अंदर समर्पित करना सुनिश्चित करें।
इसके साथ ही नगर आयुक्त, नगर निगम भागलपुर को भी सूचनार्थ पत्र भेजते हुए अनुरोध किया गया है कि वे अपने स्तर से भी आवश्यक प्रतिवेदन एवं प्रस्ताव उपलब्ध कराएं, ताकि परियोजना को आगे बढ़ाया जा सके।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार इस योजना के लागू होने से परंपरागत लकड़ी आधारित शवदाह की तुलना में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, प्रदूषण कम होगा और शहरी क्षेत्रों में आधुनिक एवं सुविधाजनक अंतिम संस्कार व्यवस्था विकसित हो सकेगी।

































