प्रेम विवाह में धोखा, युवती ने काटी हाथ की नस – थाने में पहुंचकर लगाई इंसाफ की गुहार

न्यूज स्कैन ब्यूरो, बांका

बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के ओड़हरा गांव में प्रेम विवाह के बाद धोखा खाने से आहत एक विवाहित महिला ने मंगलवार को आत्महत्या की कोशिश की। पीड़िता ने अपने हाथ की नस काट ली और खून से लथपथ हालत में सीधे रजौन थाना पहुंच गई। थाने परिसर में अचानक गिरने के बाद पुलिस ने उसे तुरंत उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रजौन भेजा। चिकित्सकों ने बताया कि अत्यधिक रक्तस्राव हुआ था, हालांकि फिलहाल स्थिति खतरे से बाहर है।

जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय पार्वती कुमारी मूल रूप से बाराहाट थाना क्षेत्र की रहने वाली है। उसकी पहली शादी ललमटिया निवासी जमपुरी राम से हुई थी, जिससे उसे दो बच्चे भी हैं। इस बीच पार्वती की जान-पहचान सोशल मीडिया पर रजौन थाना क्षेत्र के ओड़हरा गांव निवासी सुभाष राय से हुई। दोनों के बीच करीब एक साल तक प्रेम प्रसंग चला और बाद में उन्होंने विवाह कर लिया।

लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद सुभाष ने पार्वती को घर से निकाल दिया और साथ रखने से साफ इंकार कर दिया। इससे व्यथित पार्वती का कहना है कि वह हर हाल में सुभाष के साथ रहना चाहती है, अन्यथा आत्महत्या कर लेगी। इसी कारण उसने आत्महत्या का प्रयास किया और थाने में पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।

थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि पीड़िता के लिखित आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।