न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
बिहार की 18वीं विधानसभा का पहला शीतकालीन सत्र आज यानी सोमवार, 1 दिसंबर से विधिवत शुरू हो गया है। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही प्रोटेम स्पीकर नरेंद्र नारायण यादव ने नवनिर्वाचित विधायकों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलानी शुरू की। यह सत्र 5 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें नई सरकार के विधायी कामकाज की रूपरेखा तय होगी।
सत्र के पहले दिन सदन का माहौल काफी गहमागहमी भरा रहा। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, और पूर्व मंत्री प्रेम कुमार व रेणु देवी ने विधायक के रूप में शपथ ली। विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने भी सदन की सदस्यता की शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान एक भावुक और सुखद तस्वीर भी देखने को मिली। शपथ लेने के दौरान तेजस्वी यादव और बीजेपी सांसद रामकृपाल यादव का आमना-सामना हुआ। इस दौरान सियासी प्रतिद्वंद्विता को भुलाकर तेजस्वी ने आगे बढ़कर रामकृपाल यादव को गले लगा लिया। सदन में मौजूद पक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने इस सौहार्दपूर्ण माहौल का स्वागत किया।
बिहार विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज (1 दिसंबर) से शुरू हुआ जो आगामी 5 दिसंबर तक चलेगा।
बिहार विधानसभा का आगाज: प्रोटेम स्पीकर ने दिलाई शपथ, सदन में दिखी तेजस्वी और रामकृपाल की दिलचस्प केमिस्ट्री

































