न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गोविंदपुर वार्ड 3 स्थित तालाब के पास से भारी मात्रा में नेपाली सोफी शराब बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने एक चार चक्का वाहन को रोका, जिसकी तलाशी के दौरान 7 बोरा में भरी कुल 189 लीटर अवैध नेपाली सोफी शराब जब्त की गई।
,पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस के अनुसार उन्हें सूचना मिली थी कि उक्त मार्ग से अवैध शराब की खेप वाहन के माध्यम से ले जाई जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध चार चक्का वाहन को रोका गया और जब तलाशी ली गई तो उसमें छिपाकर रखी गई शराब की बड़ी खेप बरामद हुई।
पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर लिया है तथा मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां खपाने की योजना थी। तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान जारी है और इस तरह की गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
































