न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के दनियालपुर कुरुई गांव में सोमवार को खेत में सोहनी कर रही महिलाओं पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल मोहनिया अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया, वहीं अन्य चार घायलों का इलाज चल रहा है।
मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान कुमारी देवी (पति – मनोज राम), प्रेमशिला देवी (पति – मदन राम) और मांग्री देवी (पति – अशोक राम) के रूप में हुई है।
झुलसी महिलाएं
झुलसी हुई महिलाओं में मीरा देवी (पति – रोहित राम), जानकी देवी (पति – हरिश्चंद्र), कुंती देवी (पति – श्रीराम) और गीता देवी (पति – मदन राम) शामिल हैं। सभी कुरुई गांव की निवासी बताई जा रही हैं।
जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की प्रतिक्रिया
घटना की सूचना मिलते ही मोहनिया की जिला पार्षद गीता पासी अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने कहा कि “आज सुबह बारिश शुरू होते ही बिजली गिरने से तीन महिलाओं की मौत हो गई और चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सरकार से मेरी मांग है कि पीड़ित परिवारों को तत्काल आपदा राहत राशि मिले।”
वहीं, मोहनिया थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया है।
अंचलाधिकारी पुष्प लता ने बताया कि इस हादसे में तीन महिलाओं की मौत हुई है और चार से पांच लोग झुलस गए हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है।


























