न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
नेपाल सीमा के समीप प्रस्तावित ललितग्राम–बीरपुर नई रेल लाइन (22 किलोमीटर) परियोजना को लेकर अहम प्रगति सामने आई है। पूर्व मध्य रेलवे (निर्माण संगठन) की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार रेलवे बोर्ड ने इस परियोजना के फाइनल लोकेशन सर्वे (FLS) कार्य को स्वीकृति दे दी है।
मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण), उत्तर, महेंद्रुघाट पटना द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि 9 सितंबर 2025 को रेलवे बोर्ड द्वारा फाइनल लोकेशन सर्वे को मंजूरी दी गई थी। इसके बाद 09 दिसंबर 2025 को फाइनल लोकेशन सर्वे के लिए अनुमान (एस्टिमेट) भी स्वीकृत कर दिया गया है।रेलवे अधिकारियों के अनुसार अब अगला चरण डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करने का होगा। इसके लिए फाइनल लोकेशन सर्वे संबंधी कार्य का टेंडर 08 जनवरी 2026 तक आमंत्रित किया जाएगा। डीपीआर तैयार होने के बाद परियोजना के निर्माण की दिशा में आगे की प्रक्रिया तेज होगी। बिहार सरकार के ऊर्जा, योजना एवं विकास और वित्त मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव के प्रयास से हो रहा है। मंत्री ने मौखिक चर्चा के अनुपालन में साझा की है। परियोजना के पूरा होने से सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी, साथ ही व्यापार, आवागमन और क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।स्थानीय लोगों में इस परियोजना को लेकर उत्साह है और वे इसे क्षेत्र के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मान रहे हैं। इसके लिए मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव को बधाई दी है।































