चार दिवसीय कोसी प्रमंडल स्तरीय उमंग 2026 का सफल समापन

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय में आयोजित चार दिवसीय कोसी प्रमंडल स्तरीय उमंग 2026 का रविवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में सफल समापन हुआ। इस खेल, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव में कोसी प्रमंडल के अंतर्गत सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय, सहरसा इंजीनियरिंग कॉलेज तथा बी.पी. मंडल इंजीनियरिंग कॉलेज, मधेपुरा के प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। उमंग 2026 के अंतिम दिन खेल मैदान में रोमांच चरम पर रहा, जब सुपौल इंजीनियरिंग कॉलेज और सहरसा इंजीनियरिंग कॉलेज के बीच फाइनल क्रिकेट मुकाबला खेला गया। शानदार प्रदर्शन करते हुए सुपौल इंजीनियरिंग कॉलेज की टीम ने सहरसा को 8 विकेट से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिताओं में सुपौल इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र–छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्रिकेट, टेबल टेनिस, रिले, दौड़, लंबी कूद, ऊँची कूद, डिस्कस थ्रो, निबंध लेखन, एक्सटेम्पोर और गायन जैसी प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं कैरम, शतरंज, जेवलिन, शॉटपुट, कहानी लेखन एवं क्विज़ प्रतियोगिताओं में द्वितीय स्थान हासिल किया। इसके साथ ही कॉलेज के प्राध्यापकों ने भी बैडमिंटन, कैरम, दौड़, क्रिकेट एवं शतरंज जैसी प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर विजेता बने।
समग्र प्रदर्शन के आधार पर सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय ने कोसी प्रमंडल में प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए कोसी प्रमंडल स्तरीय उमंग की ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम की। समापन समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एन. मिश्रा ने सभी विजेता प्रतिभागियों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विजेताओं को आगामी राज्य स्तरीय उमंग प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कोसी प्रमंडल का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एन. मिश्रा, सैक इंचार्ज आनंद प्रकाश, अर्जुन कुमार महतो, मोहम्मद वारिस सेनान, डॉ चंद्रशेखर कुमार , जय कुमार, आशीष आनंद, नंदन कुमार राजू, शादाब सिद्दीकी, सुनील कुमार साहू, रौशनी सुमन सहित सभी प्राध्यापकगण का सराहनीय योगदान रहा। साथ ही छात्र समन्वयकों निशांत कुमार, नितरंजन कुमार राजा, प्रिंस कुमार, गुंजन कुमार, निर्भय कुमार, मनीष कुमार, अनुराग कुमार, रौशन कुमार, उत्सव कुमार, अमरजीत कुमार एवं अन्य छात्र समन्वयकों की सक्रिय भूमिका इस आयोजन की सफलता में अत्यंत महत्वपूर्ण रही।
उमंग 2026 ने न केवल खेल और संस्कृति के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान किया, बल्कि आपसी सौहार्द, टीम भावना और अनुशासन का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।