न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल / मरौना
कोशी नदी में आई बाढ़ ने इंसानों के साथ-साथ जंगली जानवरों के आशियाने को भी बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी के कारण आसपास के गांवों में पानी घुस गया है, जिससे ग्रामीणों के साथ वन्यजीवों को भी सुरक्षित ठिकाने की तलाश करनी पड़ रही है। इसी बीच जिले के मरौना प्रखंड अंतर्गत घोघररिया पंचायत वार्ड संख्या 01 से एक संवेदनशील घटना सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, बाढ़ के तेज बहाव में बहकर आए एक हिरण के बच्चे को ग्रामीणों ने सुरक्षित रेस्क्यू किया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उस मासूम हिरण को पानी से बाहर निकाला और अपने घर में सुरक्षित रख लिया। वर्तमान में वह हिरण का बच्चा रामनंद कामत के घर पर है, जहां उसकी देखभाल की जा रही है।
ग्रामीणों ने तुरंत इस घटना की जानकारी वन विभाग को भी दे दी है।ग्रामीणों का कहना है कि कोशी नदी में आई बाढ़ से न सिर्फ लोगों के घरों में पानी घुसा है, बल्कि जंगली जानवरों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्रामीण रामानन्द ने बताया की हिरण के बच्चा को वन विभाग को सुपुर्द कर दिया जाएगा।
































