किशनगंज: वार्ड पार्षद पर विवाहिता से दुष्कर्म का प्रयास, शहर में आक्रोश

न्यूज स्कैन ब्यूरो, किशनगंज

किशनगंज शहर के वार्ड संख्या 25 के पार्षद उत्तम झा उर्फ बउआ झा पर एक विवाहिता ने घर में घुसकर दुष्कर्म का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस घटना ने शहर में सनसनी फैला दी है और बुद्धिजीवी वर्ग सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है। पीड़िता ने सदर थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है, जिसके बाद पुलिस ने कांड संख्या 455/25 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना सदर थाना क्षेत्र की है। पीड़िता के अनुसार, वह रक्षाबंधन के लिए अपने मायके आई थी। 17 अगस्त को पार्षद उत्तम झा ने मौका देखकर उसके घर में प्रवेश किया। उस समय घर में कोई नहीं था। पीड़िता ने बताया कि उत्तम झा ने पहले पानी मांगा, और जब वह पानी लेकर आई, तब उसने उसे जबरन पकड़ लिया और अश्लील हरकत करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। पीड़िता के शोर मचाने पर पड़ोसी और उसकी मां मौके पर पहुंचे, जिन्होंने मिलकर आरोपी को पकड़ लिया।

पीड़िता ने अपने आवेदन में यह भी बताया कि उत्तम झा पहले भी कई बार उसके साथ अश्लील हरकत कर चुका है, जिसके लिए पंचायती भी हुई थी, लेकिन उसका व्यवहार नहीं बदला। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उत्तम झा का विवादों से पुराना नाता रहा है, जिससे शहर में उनकी छवि पहले से ही विवादास्पद है।

इस घटना के बाद शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। स्थानीय लोग और बुद्धिजीवी वर्ग ऐसे जनप्रतिनिधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं, जो अपनी स्थिति का दुरुपयोग कर इस तरह की शर्मनाक घटनाओं को अंजाम देते हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और जल्द ही कार्रवाई का आश्वासन दिया है। समाज में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कठोर कानूनी कदम उठाने की जरूरत पर बल दिया जा रहा है।