किशनगंज : बस स्टैंड ओवर ब्रिज के नीचे दो महिला तस्कर गिरफ्तार, 22 पूड़िया स्मैक बरामद


न्यूज स्कैन ब्यूरो, किशनगंज
किशनगंज टाउन थाना पुलिस ने रविवार को नशीले पदार्थों की बिक्री पर बड़ी कार्रवाई करते हुए वीर कुंवर सिंह बस स्टैंड ओवर ब्रिज के नीचे से दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार महिलाओं के पास से 22 पूड़िया स्मैक बरामद की गई है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें बताया गया था कि बस स्टैंड क्षेत्र में लंबे समय से नशीले पदार्थों की खुलेआम बिक्री की जा रही है।
सूचना के बाद एसपी सागर कुमार के निर्देश पर टाउन थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सिविल ड्रेस में कई घंटों तक बस स्टैंड परिसर और आसपास के इलाकों में निगरानी की। इसी दौरान दो महिलाएं संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त दिखीं, जो आने-जाने वाले लोगों से लेन-देन कर रही थीं। संदेह के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों को घेराबंदी कर मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी में उनके पास से 22 छोटी पूड़िया मिलीं, जिनमें स्मैक भरी थी। पुलिस दोनों महिलाओं को थाने ले आई, जहां उनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि दोनों आरोपी स्थानीय हैं और बाहर के सप्लायर से माल लाकर बस स्टैंड क्षेत्र में इसकी बिक्री करती थीं। पुलिस अब इनके सप्लायर, नेटवर्क और पूरे तस्करी सिंडिकेट की तलाश में जुट गई है।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। बस स्टैंड क्षेत्र के यात्रियों और दुकानदारों में यह खबर तेजी से फैल गई। लोगों का कहना है कि शहर के सबसे व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े स्मैक की बिक्री होना बेहद चिंताजनक है।
पुलिस टीम अब बस स्टैंड और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। साथ ही अन्य संदिग्धों पर भी नजर रखी जा रही है। पुलिस ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
दोनों महिला तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।