न्यूज स्कैन ब्यूरो, किशनगंज
निगरानी विभाग की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक राजस्व कर्मचारी को 2 लाख 50 हजार रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी राजस्व कर्मचारी की पहचान राजदीप पासवान के रूप में हुई है।
खगड़ा निवासी ओवेस अंसारी ने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी कि जमीन परिमार्जन (Mutation/Correction) के बदले कर्मचारी द्वारा 2.50 लाख रुपये की अवैध मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने प्रारंभिक जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए।
इसके बाद सात सदस्यीय निगरानी टीम ने जाल बिछाया और प्रखंड कार्यालय के निकट स्थित अभिषेक होटल में आरोपी को घूस की राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
निगरानी विभाग के डीएसपी विनोद कुमार ने बताया कि शिकायतकर्ता द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर टीम ने पूरी योजना के तहत यह कार्रवाई की। राजस्व कर्मचारी की गिरफ्तारी के बाद विभागीय कर्मियों में हड़कंप मच गया है। उधर, निगरानी विभाग की टीम आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पटना ले जाने की तैयारी में जुटी है।
किशनगंज में 2.50 लाख रुपये घूस लेते राजस्व कर्मचारी रंगे हाथों गिरफ्तार

































