पड़ोसी पर विधवा से रेप, ठगी का आरोपः किशनगंज में नाबालिग भतीजी से शादी करने का भी मामला

न्यूज स्कैन ब्यूरो, किशनगंज

किशनगंज सदर थाना क्षेत्र में एक 26 वर्षीय विधवा के साथ बलात्कार, ठगी और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने पड़ोसी अमन कुमार (22) और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता के अनुसार, अमन ने शादी का झांसा देकर तीन साल तक उनके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए, 5 लाख रुपये की ठगी की और 28 भरी सोने-चांदी के गहने हड़प लिए। इतना ही नहीं, अमन पर उनकी 15 वर्षीय नाबालिग भतीजी को भगाकर शादी करने का भी आरोप है।

पीड़िता ने बताया कि 31 मई 2022 को एक कार दुर्घटना में उनके पति मोहम्मद असीम और बेटी महिरून निशा की मृत्यु हो गई थी। इस हादसे ने उन्हें आर्थिक और भावनात्मक रूप से तोड़ दिया। अपने बेटे की परवरिश के लिए उन्होंने उसे अपनी मां के पास छोड़ा और स्वयं सोयाबीन फैक्ट्री में काम शुरू किया। इसी दौरान अमन ने सहानुभूति का दिखावा कर उनके घर आना-जाना शुरू किया। पीड़िता का आरोप है कि अमन ने जबरन उनके घर में घुसकर शारीरिक संबंध बनाए और शादी का वादा किया। इसके बाद वह लगातार उनका शारीरिक शोषण करता रहा। पति की मृत्यु के बाद मिले 5 लाख रुपये के बीमा क्लेम को भी अमन ने बिजनेस शुरू करने के बहाने हड़प लिया और उनके गहने भी ले लिए।

पीड़िता ने बताया कि हाल ही में अमन ने उनकी 15 वर्षीय नाबालिग भतीजी नजरून निशा को भगाकर उससे शादी कर ली। जब 8 अक्टूबर 2025 को पीड़िता ने इसकी शिकायत करने अमन के घर पहुंची, तो अमन, उसकी मां कविता देवी, पिता सुनील देवनाथ, पत्नी कुसुम देवी, भाई कमल और रोहित देवनाथ ने मिलकर उन्हें गालियां दीं और बेरहमी से मारपीट की। अमन की मां ने उनके बाल पकड़कर जमीन पर गिराया, जबकि अमन ने हंडा से उनके सिर पर वार कर घायल कर दिया। अभियुक्तों ने धमकी दी कि वे पीड़िता को जिंदा जला देंगे।

पीड़िता ने पुलिस में अमन और उसके परिवार के खिलाफ बलात्कार, ठगी, मारपीट और नाबालिग से शादी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उनके पास अमन के साथ बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग भी सबूत के रूप में मौजूद है। पीड़िता ने पुलिस से अभियुक्तों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

महिला थाना अध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।