खरीक बाजार में जमीन विवाद में हिंसा, दर्जी का चाकू से गला रेतने का प्रयास, नाक काटा, आरोपी फरार


नवगछिया । खरीक बाजार में सोमवार को जमीन विवाद के कारण एक दर्जी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना में दर्जी मोहम्मद सरफुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है।

पीड़ित के परिजन मोहम्मद साबिर ने बताया कि सरफुद्दीन और पड़ोसी परवेज के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। सोमवार को इसी विवाद को लेकर परवेज अपने साथी अरशद के साथ सरफुद्दीन के पास पहुंचा। आरोप है कि पहले अरशद ने सरफुद्दीन की कनपटी पर हथियार तान दिया और फिर परवेज ने उस पर चाकू से गला रेतने की कोशिश की। गला नहीं कटने पर उसने चाकू से उसकी नाक काट दी, जिससे वह लहूलुहान हो गया।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। गंभीर रूप से घायल सरफुद्दीन को तुरंत मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही खरीक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर परवेज और अरशद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।