खान सर की नई पहल : अब सिर्फ 25 रुपये में ईसीजी जांच, बोले- जानता हूं दुश्मन बढ़ेंगे … अब डॉक्टरों से दुश्मनी करेंगे!

न्यूज स्कैन डेस्क, पटना
देश भर में चर्चित यूट्यूबर और शिक्षक खान सर ने गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए बड़ी पहल की है। अब उनके यहां सिर्फ 25 रुपये में ईसीजी की जांच कराई जा सकेगी। आमतौर पर जहां ईसीजी के लिए 400 से 500 रुपये तक लगते हैं, वहीं इस कदम से दिहाड़ी मजदूर, रिक्शा चालक और गरीब परिवारों को सीधा फायदा मिलेगा।

छात्रों से बातचीत के दौरान घोषणा

क्लासरूम में पढ़ाते हुए खान सर ने छात्रों से पूछा कि ईसीजी टेस्ट के लिए आमतौर पर कितनी रकम लगती है। छात्रों ने जवाब दिया -400 या 500 रुपये। इसके बाद उन्होंने घोषणा की कि अब उनके यहां सिर्फ 25 रुपये में ईसीजी जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने आगे कहा, शिक्षा के बाद अब उद्देश्य स्वास्थ्य व्यवस्था है। खान सर ने कहा, “हमने साफी नीयत से शुरुआत की है। जो रिक्शा चला रहा है, मजदूरी कर रहा है, झाड़ू या बर्तन धो रहा है, वो लोग जांच नहीं करा पाते। उन्हें पता है कि एक दिन की कमाई ईसीजी में खर्च हो जाएगी। अब हमारे यहां 25 रुपये में आसानी से जांच करवा सकते हैं।” उन्होंने कहा कि मेडिकल इंडस्ट्री में मशीन खरीदना आसान है, लेकिन उसे चलाने के लिए जरूरी सिस्टम बनाना चुनौती है। डायलिसिस मशीन का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि इसके लिए हाई-क्वालिटी आरओ प्लांट की जरूरत होती है।

‘कलेजा होना चाहिए बाबू…’
खान सर ने मजाकिया अंदाज में कहा, “25 रुपये में ईसीजी देंगे तो अब डॉक्टर भी हमसे दुश्मनी करेंगे। लेकिन फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि कलेजा होना चाहिए बाबू। शिक्षा के बाद अब हमारा उद्देश्य स्वास्थ्य सेवा है, और जो हमने कह दिया वो करेंगे।”