न्यूज स्कैन ब्यूरो। खगड़िया
खगड़िया के युवा सांसद श्री राजेश वर्मा ने गुरुवार को लोकसभा में अपने क्षेत्र की गंभीर बाढ़ और कटाव समस्या को उठाते हुए जल शक्ति मंत्रालय से गोगरी आश्रम से मुरादपुर तक रिंग बाँध निर्माण की तत्काल स्वीकृति देने की माँग की।
उन्होंने कहा कि यह मुद्दा केवल एक परियोजना का नहीं, बल्कि लाखों लोगों के जीवन, खेती और भविष्य से जुड़ा हुआ है।सांसद वर्मा ने सदन को अवगत कराया कि खगड़िया के परबत्ता विधानसभा क्षेत्र सहित गंगा किनारे का बड़ा हिस्सा हर साल भयंकर बाढ़ और कटाव की मार झेलता है। उन्होंने बताया कि “मेरे लोकसभा क्षेत्र की हजारों की आबादी प्रतिवर्ष बाढ़ की विभीषिका से जूझने को विवश है। गंगा के कटाव से हर रोज कई एकड़ उपजाऊ भूमि और फसलों का बहाव हो जाता है। ऐसे में लोगों के पास न तो सुरक्षित आवास बचता है और न ही खेती का भरोसा।”उन्होंने यह भी कहा कि यदि गोगरी आश्रम से मुरादपुर तक रिंग बाँध का निर्माण कराया जाता है, तो एक बड़ी आवादी को बाढ़ से एक बड़ी राहत मिलेगी और कटाव की समस्या पर भी काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकेगा। सांसद ने सदन में स्पष्ट कहा कि “रिंग बाँध मात्र एक संरचना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण उपाय है, सांसद राजेश वर्मा ने केंद्र सरकार और जल शक्ति मंत्रालय से अनुरोध किया कि इस परियोजना को विशेष प्राथमिकता देकर इसके कार्यान्वयन को तेज किया जाए, ताकि आने वाले वर्षों में बाढ़ और कटाव से होने वाली व्यापक क्षति को रोका जा सके।वही सांसद ने सदन में अवगत कराते हुए कहा कि बाढ़ के समय लगभग 10 पंचायत के लोग पूरी तरह से अपना सब कुछ छोड़कर पलायन कर जाते है क्योंकि बाढ़ का हालात इतने भयावह हो जाता है वही सांसद के इस पहल से स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह रिंग बाँध निर्माण होता है, तो वर्षों से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान मिलेगा और पूरी क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को बड़ा लाभ होगा।

खगड़िया के लोगों को अब उम्मीद है कि सांसद द्वारा लोकसभा में उठाई गई यह आवाज़ सरकार तक पहुँचेगी और वर्षों से लंबित यह मांग शीघ्र पूरी होगी।
































