खगड़िया: कोसी नदी में डूबे युवक का शव पांच दिन बाद बरामद

न्यूज स्कैन ब्यूरो। गोगरी(खगड़िया)

कोसी नदी में मूर्ति विसर्जन के दौरान डूबे युवक का शव पांच दिन बाद शनिवार को बरामद हुआ। मृतक की पहचान बिहपुर थाना क्षेत्र के अरसंडी गांव निवासी रामकृष्ण कुमार के रूप में हुई है।मिली जानकारी के अनुसार,मृतक रामकृष्ण कुमार बीते मंगलवार को अपने ननिहाल लोंगा गांव आया हुआ था और उसी दिन मूर्ति विसर्जन के लिए कोसी नदी के लोंगा घाट गया था। विसर्जन के दौरान वह नदी के गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम द्वारा लगातार खोजबीन की जा रही थी।शनिवार को बिरवास क्षेत्र में कुछ मछुवारों ने कोसी नदी में बहते हुए एक शव को देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पसराहा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष नवीन कुमार और एसआई शंभू सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नदी से बाहर निकाला गया।शव की पहचान मृतक के परिजनों द्वारा रामकृष्ण कुमार के रूप में की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।