खगड़िया: सतीशनगर में एक महीने से सीएम के संभावित आगमन को लेकर चल रही है तैयारी, दिवंगत पूर्व सीएम सतीश सिंह की प्रतिमा का होना है अनावरण

न्यूज स्कैन ब्यूरो। परबत्ता(खगड़िया)

प्रखंड के सौढ उत्तरी पंचायत अंतर्गत सतीशनगर गांव में विगत एक महीने से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संभावित दौरे को लेकर तैयारी किया जा चुका है। यह तैयारी बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत सतीश प्रसाद सिंह के आदमकद प्रतिमा के अनावरण को लेकर प्रतीक्षित है। हालांकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सतीश नगर में आगमन कब होगा इसको लेकर अभी संशय बना हुआ है। लेकिन प्रशासन के द्वारा हेलीपैड तथा वहाँ से कार्यक्रम स्थल तक ईट सोलिंग का कार्य जुलाई के अंतिम सप्ताह में करा लिया गया है।

बताते चलें कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगतसतीश प्रसाद सिंह के आदमकद प्रतिमा का अनावरण जुलाई के अंतिम सप्ताह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा किये जाने का कार्यक्रम तय हो गया था।इसके लिये पूर्व मुख्यमंत्री के उत्तराधिकारियों के द्वारा भव्य पंडाल का निर्माण कराया गया था,जो इस आयोजन की प्रतीक्षा में आज भी शोभायमान है।इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिये सतीश प्रसाद सिंह के दोनों पुत्र एवं पाँचो पुत्रियाँ अपने परिजनों के साथ गांव पधार चुके थे।लेकिन कार्यक्रम को किसी अपरिहार्य कारण से अंतिम समय में रद्द कर दिया गया।कार्यक्रम रद्द होने की सूचना मिलने के बाद राज्य से बाहर तथा राज्य के अंदर अन्य जिलों में रहनेवाले परिजन अपने अपने घर लौट गये।तब से लेकर एक महीना बीत जाने के बाद भी अब तक मुख्यमंत्री के आगमन के नये तारीख का ऐलान नहीं हो पाया है।इस संबंध में पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत सतीश प्रसाद सिंह के पुत्र सुशील कुमार भी कार्यक्रम की अगली तिथि के बारे में बताने की स्थिति में नहीं दिखे।उन्होंने बताया कि उन्होंने पिछले महीने से सारी तैयारी दुरुस्त कर रखा है।

लेकिन अभी कार्यक्रम की अगली तिथि की जानकारी नहीं है।इस आयोजन को लेकर वे अपनी तरफ से तैयार हैं।मूल गांव कोरचक्का निवासी सतीश प्रसाद सिंह बिहार के चर्चित नेताओं में एक रहे।उन्होंने खगड़िया लोकसभा तथा परबत्ता विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।वे चार दिनों के लिये बिहार के मुख्यमंत्री पद पर भी रहे।इस वर्ष नवंबर तक होनेवाले विधानसभा चुनाव में उनके पुत्र सुनील कुमार सिंह को जद यू के संभावित उम्मीदवार के रुप में भी देखा जा रहा है।इस परिपेक्ष्य में पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत सतीश प्रसाद सिंह के प्रतिमा के अनावरण को राजनीतिक प्रेक्षक अलग नजरिये से भी देख रहे हैं।