डेढ़ वर्ष के बालक को जहरीले सर्प ने डंसा, हुई मौत, घर का था इकलौता चिराग

न्यूज स्कैन ब्यूरो (परबत्ता) खगड़िया

खगड़िया जिला के परबत्ता प्रखंड के माधवपुर पंचायत अंतर्गत विष्णुपुर गांव में सर्प के डंसने से एक बच्चे की मृत्यु हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि गंगा नदी के बाढ़ से घिरे इस पंचायत में एक परिवार को अपना इकलौता बच्चा खोना पड़ा। माधवपुर पंचायत स्थित विष्णुपुर गांव में यह घटना हुई।जिसमें सुमन कुमार का डेढ़ वर्षीय बेटा राघव कुमार अपने आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान एक विषैले सर्प ने उसे डंस लिया।परिजन उसको लेकर तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परबत्ता गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अपने इकलौते बेटे की मृत्यु से परिवार दुख का पहाड़ टूट गया है।

बच्चे की मां सुनीता कुमारी अपने इकलौता बेटा के मौत के बाद से लगातार रो रही हैं। पिता सुमन कुमार की हालत भी गंभीर है। वे बार-बार बेहोश हो रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है। वहीं स्थानीय मुखिया आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि बाढ़ के कारण जीव-जंतु और सांप सुरक्षित स्थान की तलाश में आबादी वाले इलाकों में आ रहे हैं। उन्होंने लोगों से बाढ़ के दौरान सतर्क रहने की अपील किया है।