न्यूज स्कैन ब्यूरो, (गोगरी, परबत्ता) खगड़िया
खगड़िया के गोगरी में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग किसान के गंगा की उपधारा में डूबने के बाद एसडीआरफ टीम खोजबीन में लग गई है। हादसा गुरुवार दोपहर बाद हुआ है। डूबने वाले बुजुर्ग किसान की पहचान गोगरी थाना क्षेत्र स्थित फुदगीचक निवासी सोखो यादव के रुप में हुई है। बताया जा रहा है कि गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। गुरुवार को डूबने वाले बुजुर्ग किसान दियारा से अपने मवेशी को लेने गए थे। जहां लाने के क्रम में यह घटना हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों के द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। जिसके बाद खोजबीन के लिए एसडीआरएफ की टीम को जिला प्रशासन की तरफ से लगाया है।
झिरझिरिया बहियार के पास हुई घटना
स्थानीय लोगों की माने तो उक्त घटना हरिपुर जीएनबांध स्थित झिरझिरिया बहियार के पास ज्यादा पानी होने के कारण हुई है। लोगों ने बताया कि बीते कुछ दिनों से गंगा के जलस्तर में वृद्धि हो रही है। जिसके कारण दियारा क्षेत्र डूबने लगा है। इस कारण किसान अपने मवेशी को सुरक्षित स्थान ले जा रहे हैं। लोगों ने बताया कि घटना के बाद जीएनबांध पर मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें डूबते देखा और शोर मचाया। लेकिन तब-तक काफी देर हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने गोगरी 112 पुलिस को सूचना दी। खबर लिखे जाने तक मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने शव की तलाश शुरू कर दी है।