न्यूज स्कैन ब्यूरो (बेलदौर) खगड़िया
खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र स्थित पचौत गांव में पति-पत्नी के विवाद में महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है। मृतक महिला की पहचान पचौत गांव के वार्ड नंबर 11 निवासी ज्योतिष चौधरी की 22 वर्षीय पत्नी प्रतिमा देवी के रूप में हुई है। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने शनिवार को शव कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है। पुलिस की माने तो घटना प्रथम दृष्टिया सुसाइड का लग रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गौरतलब है कि सुसाइड करने वाली महिला को तीन बच्चे हैं।
पति के साथ हुआ था विवाद
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों का कहना है कि शुक्रवार को पति और पत्नी के बीच विवाद हुआ था। जिससे गुस्साई पत्नी ने जलावन घर में जाकर गले में दुपट्टा का फंदा लगा आत्महत्या कर लिया। परिजनों का कहना है कि शनिवार सुबह जब वहां घर के लोग पहुंचे तो मृतक महिला फंदे से लटकी थी। जिसे उसकी सास ने फंदा काटकर नीचे उतरा।
भाई ने लगाया हत्या का आरोप
मृतिका प्रतिमा के भाई राजेश कुमार ने बताया कि 5 वर्ष पूर्व उसकी बहन की शादी हुई थी। शादी के बाद पति पत्नी में कभी कभी विवाद होता था। भाई का आरोप है कि विवाद के कारण ही उसकी बहन की हत्या की गई है। इस संबंध में बेलदौर थाना अध्यक्ष परशुराम सिंह ने बताया कि आवेदन नहीं आया है। आवेदन मिलने के बाद कानूनन कार्रवाई की जाएगी।

































