सोने की चेन नहीं मिलने पर नवविवाहिता की हत्या, फंदे से लटकाया

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

खगड़िया जिले के बरखंडी टोला गांव में दहेज के लिए एक नवविवाहिता की हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान मुंगेर जिले के जगदंबापुर फरदा गांव निवासी हागो यादव की पुत्री डीसी कुमारी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, साले की शादी में सोने की चेन की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने डीसी कुमारी को फंदे से लटका कर मार डाला।

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। हालांकि, सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने शव को भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।

मृतका के पिता हागो यादव ने बताया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जाता था। पति विभीषण यादव और अन्य ससुराल वाले लगातार धमकी देते थे। उन्होंने कहा—”हमने साफ कहा था कि एक-दो महीनों बाद पैसे आने पर मांग पूरी करेंगे, लेकिन उन्होंने नहीं माना और मेरी बेटी की हत्या कर दी।”

बताया जा रहा है कि एक साल पहले ही डीसी कुमारी की शादी विभीषण यादव से हुई थी। दंपति की एक नन्ही बच्ची भी है।