खगड़िया: जदयू के टिकट की दावेदारी की चर्चा के बीच मुख्यमंत्री का सतीशनगर दौरा हुआ तय

न्यूज स्कैन ब्यूरो। परबत्ता(खगड़िया)

प्रखंड के सौढ उत्तरी पंचायत के सतीशनगर गांव में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संभावित आगमन को देखते हुए 09 सितंबर 2025 को मध्य विद्यालय सतीश नगर में विशेष कैंप आयोजन किया गया है। परबत्ता के प्रखंड विकास पदाधिकारी के आदेश पत्रांक 241/निर्वा. दिनांक 08 सितंबर 2025 के अनुसार इस आयोजन के सफल संचालन हेतु प्रखण्ड स्तरीय सभी पदाधिकारियों के दायित्व का निर्धारण किया गया है। उप विकास आयुक्त, खगड़िया द्वारा विडियों कॉफ्रेसिंग के माध्यम से दिये गये निदेश के आलोक में दिनांक 09 सितंबर 2025 को सुवह 10 बजे से ग्राम पंचायत राज,सौढ उत्तरी के मध्य विद्यालय सतीशनगर में सभी विभागों का विशिष्ट कैम्प किया जाना है। जिसमें आम नागरिकों के विभिन्न तरह के समस्याओं का समाधान किया जायेगा।उक्त कार्य हेतु कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।इसमें प्रखंड साँख्यिकी पदाधिकारी विलास कुमार को जन्म मृत्यु तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।

प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मनरेगा को प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार देखेंगे। भूमि संबंधी मामले एवं लोक सेवाओं का अधिकार तथा राशन कार्ड संबंधी मामलेअंचल अधिकारी मोना गुप्ता देखेंगी।वहीं स्वास्थ्य एवं आयुष्मान कार्ड तथाश्रम कार्ड/लेबर कार्ड से संबंधित शिकायतों के लिए प्रदीप कुमार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी को तथा निर्वाचन संबंधी शिकायतों के लिये ग्रामीण विकास अधिकारी अमित कुमार एवं जीविका संबंधी समाधान के लिए प्रखंड परियोजना पदाधिकारी दीपक कुमार को लगाया गया है। बताते चलें कि सौढ उत्तरी पंचायत में विगत एक महीने से बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सतीश प्रसाद सिंह की प्रतिमा का अनावरण हेतु वर्तमान मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियां चल रही है।इस आगमन को विधानसभा चुनाव से जोड़ कर भी देखा जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री सतीश प्रसाद सिंह के पुत्र सुनील कुमार सिंह इस बार जदयू के टिकट के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। ऐसे में इस आगमन को इन बातों से जोड़ कर देखा जा रहा है।