केसरवानी वैश्य सभा का आम चुनाव संपन्न, नई कार्यकारिणी का हुआ गठन, राकेश रंजन केसरी अध्यक्ष चुने गए

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
रविवार को केसरवानी वैश्य सभा के आम चुनाव का आयोजन बाबा बुढ़ानाथ मंदिर परिसर में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। चुनाव में केसरवानी समाज के कई गणमान्य एवं सक्रिय सदस्यों की उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ गई।
चुनाव की प्रक्रिया के तहत सबसे पहले पूर्व समिति के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। उपस्थित सदस्यों ने अपने-अपने विचार रखे, जिसके पश्चात सर्वसम्मति से पुरानी कमेटी को भंग कर नई समिति के गठन की प्रक्रिया शुरू की गई। सभी सदस्यों की व्यक्तिगत राय लेने के बाद नई कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति से किया गया।
आम चुनाव में राकेश रंजन केसरी को अध्यक्ष, कृष्ण मुरारी केसरी को उपाध्यक्ष, अजय केसरी को सचिव, मनोज केसरी मंगलम को कार्यकारी सचिव तथा दीपक केसरी को कोषाध्यक्ष चुना गया। चुनाव संपन्न होने के बाद उपस्थित सदस्यों ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को माल्यार्पण कर शुभकामनाएं दीं।
इसके उपरांत नवगठित कमेटी द्वारा संगठन को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से विभिन्न पदों पर मनोनयन किया गया। राहुल केसरी एवं अजय केसरी (सानू मेडिकल) को संगठन मंत्री, रुपेश केसरी एवं जय केसरी को सांस्कृतिक प्रभारी, जबकि डॉ. शुभम लाल को मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया। प्रचार एवं प्रसार मंत्री के रूप में भोला केसरी को मनोनीत किया गया। वहीं, निरंजन केसरी को केसरवानी वैश्य सभा का संरक्षक चुना गया।
इसके अलावा गौतम केसरी एवं श्वेत केसरी को उपसचिव बनाया गया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कार्यकारिणी समिति का पूर्ण गठन आगामी बैठक में किया जाएगा।
सभा के अंत में नवनिर्वाचित अध्यक्ष राकेश रंजन केसरी ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए समाज के उत्थान, एकता और संगठनात्मक मजबूती के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।