- सूचना मिलते ही डायल–112 की पुलिस मौके पर पहुंची
न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र स्थित कर्मनाशा के समीप चांद नहर मोड़ पर सोमवार की मध्य रात्रि अज्ञात चोरों ने एक गुमटी का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने गुमटी के अंदर रखे गुटका के पैकेट, एक बड़ा गैस सिलेंडर और करीब 2,500 रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया।
घटना का पता मंगलवार सुबह उस समय चला, जब पीड़ित दुकानदार राजेंद्र भारती अपनी चाय–पान की दुकान खोलने पहुंचे। उन्होंने देखा कि गुमटी का ताला टूटा हुआ है और अंदर रखा सामान चोरों द्वारा उड़ा लिया गया है। इसके बाद उन्होंने तुरंत डायल–112 पर सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जानकारी जुटाई।
पीड़ित दुकानदार राजेंद्र भारती, जो खजुरा गांव के निवासी हैं, ने बताया कि यह तीसरी बार है जब उनकी गुमटी को निशाना बनाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत मिला गैस सिलेंडर ही उनके कारोबार का आधार था, जिसके सहारे वे चाय–पान की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से वे गंभीर रूप से परेशान हैं।
डायल–112 के पुलिस कर्मियों ने बताया कि चोरों ने रात में गुमटी का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर और नकदी चुरा ली है। पीड़ित को थाने में लिखित आवेदन देने की सलाह दी गई है, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रहीं चोरी की घटनाओं से दुकानदारों में दहशत का माहौल है। लोग रात में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।
































