न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
कैमूर जिले के भभुआ थाना क्षेत्र में पशु तस्करों की दबंगई का मामला सामने आया है। पशुओं से भरे ट्रक को रोककर विरोध करने पर तस्करों ने तीन युवकों को बीच सड़क पर मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवकों ने डायल-112 पुलिस पर लापरवाही और पशु तस्करों से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए भभुआ थाने में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, भभुआ थाना क्षेत्र के भरीगावां गांव के पास रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे मानव भारती स्कूल के समीप एक ट्रक पर मवेशी लोड किए जा रहे थे। गांव के तीन युवकों—उदय प्रताप सिंह के पुत्र सोनू पटेल, नंदलाल सिंह के पुत्र नीतीश पटेल और रंजू सिंह के पुत्र विकास पटेल—ने जब इसे देखा तो उन्होंने ट्रक का पीछा किया।
बताया जाता है कि भभुआ-मोहनिया रोड पर परासिया स्थित भाजपा कार्यालय के पास ट्रक को रोकने और पशु तस्करी का विरोध करने पर चार से पांच बाइक सवार बदमाश वहां पहुंच गए और तीनों युवकों के साथ जमकर मारपीट की। इस हमले में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद घायल युवक भभुआ थाना पहुंचे और पुलिस को दिए बयान में बताया कि जब ट्रक पर पशु लोड किए जा रहे थे, उस समय डायल-112 की पुलिस भी मौके पर मौजूद थी। युवकों का आरोप है कि जब उन्होंने ट्रक की जांच करने की कोशिश की तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें गाली-गलौज कर वहां से भगा दिया। कुछ देर बाद पुलिस वहां से चली गई, जिसके बाद ट्रक तेज रफ्तार से मवेशियों को लेकर निकल गया। युवकों का आरोप है कि इसकी जानकारी डायल-112 पुलिस को पहले से थी, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।
घायलों के साथ भभुआ थाना पहुंचे हिंदूवादी संगठन के नेता उत्तम पटेल ने कहा कि स्थानीय युवकों को जब ट्रक में मवेशी लदे होने की सूचना मिली तो वे जांच के लिए पहुंचे थे, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस ने उन्हें ही डांटकर भगा दिया। बाद में जब युवकों ने ट्रक का पीछा किया तो परासिया के पास तस्करों ने उन्हें पकड़कर बुरी तरह मारपीट की।
वहीं विश्व हिंदू परिषद के जिला महामंत्री अमित ट्विंकल ने कहा कि क्षेत्र में लगातार ऐसी घटनाएं हो रही हैं और यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी की जान भी जा सकती है। उन्होंने प्रशासन को 24 घंटे के भीतर आरोपियों पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी है, अन्यथा आंदोलन की बात कही है।
इधर, मामले को लेकर भभुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिली है और शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
































