बढ़ती ठंड में राहत: मोहनिया एसडीएम ने 109 गरीब-असहाय लोगों के बीच बांटे कंबल

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
कड़ाके की ठंड के बीच प्रशासन ने जरूरतमंदों के लिए राहत की पहल शुरू कर दी है। शुक्रवार की शाम मोहनिया प्रखंड कार्यालय परिसर में ठंड से बचाव के लिए कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान मोहनिया के एसडीएम अनिरुद्ध पांडे, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में कुल 109 गरीब और असहाय लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया। ठंड में कांपते लोगों के हाथों में गर्माहट का यह सहारा पहुंचते ही उनके चेहरे खिल उठे।
एसडीएम अनिरुद्ध पांडे ने बताया कि प्रशासन द्वारा कुल 1019 कंबलों की खरीद की गई है, जिनका वितरण चरणबद्ध रूप से विभिन्न प्रखंडों में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि—
“जैसे-जैसे शीतलहर तेज होगी, कंबल वितरण जारी रहेगा। विकास मित्रों द्वारा जिन लोगों को जरूरतमंद के रूप में चिन्हित किया गया है, उन्हें प्राथमिकता दी जा रही है। हर लाभुक से रिसीविंग लेकर ही कंबल दिए जा रहे हैं ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहे।”
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की। उनका कहना है कि बढ़ती ठंड में यह कार्यक्रम गरीब और कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हुआ है।
मोहनिया प्रखंड परिसर में आयोजित यह वितरण कार्यक्रम न केवल मानवीय पहल का उदाहरण है, बल्कि प्रशासन की तत्परता भी दर्शाता है कि ठंड में कोई भी गरीब और असहाय व्यक्ति बिना सहायता के न रहे।