कैमूर पुलिस ने 4 साल से फरार हत्या कांड के आरोपी को दबोचा, गाड़ी से कूदकर भागा आरोपी, 1 किमी दौड़कर पुलिस ने किया गिरफ्तार, पैसों के लेनदेन में हुई थी हत्या

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
कैमूर पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। चार साल से फरार चल रहे हत्या कांड के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पुलिस वाहन से कूदकर भागने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद भभुआ थाना प्रभारी मुकेश कुमार और एसआई वर्षा कुमारी ने साहस का परिचय देते हुए करीब एक किलोमीटर दौड़कर आरोपी को दबोच लिया। आरोपी पर पैसों के लेनदेन में युवक की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। मामले का खुलासा भभुआ एसडीपीओ मनोरंजन भारती ने प्रेस वार्ता में किया।
भभुआ एसडीपीओ मनोरंजन भारती ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि 17 दिसंबर 2021 को गुदरी गांव के पास चानन नदी के समीप एक युवक का शव बरामद किया गया था। शव की पहचान भगवानपुर थाना क्षेत्र के तोड़ी गांव निवासी गुलाब पासवान के 28 वर्षीय पुत्र जंगबहादुर पासवान के रूप में हुई थी।
इस मामले में मृतक के पिता द्वारा थाना में आवेदन दिया गया था, जिसके आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई थी।
मृतक के पिता ने अपने आवेदन में बताया था कि 16 दिसंबर की शाम करीब 7 बजे उनका पुत्र खाना खाकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन तोड़ी गांव निवासी शाहनवाज मियां उनके घर पहुंचे और बताया कि गुदरी गांव जाने वाले रास्ते में कुछ लोगों द्वारा जंगबहादुर पासवान को गोली मारी जा रही है। यह सूचना उन्हें राधाखांड निवासी मुरारी सिंह से फोन पर मिली थी।
सूचना मिलने के बाद जब परिजन मौके पर पहुंचे तो चानन नदी के छलका के पास खून से लथपथ जंगबहादुर पासवान का शव पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस अनुसंधान में सामने आया कि मुरारी सिंह और शाहनवाज मियां ने मिलकर जंगबहादुर पासवान की गोली मारकर हत्या की थी। इस मामले में मुरारी सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि शाहनवाज मियां पिछले चार वर्षों से फरार चल रहा था।
इसी दौरान भभुआ थाना प्रभारी मुकेश कुमार को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी शाहनवाज मियां भभुआ शहर में देखा गया है। सूचना के आधार पर एक टीम गठित की गई और आरोपी को पूरब पोखरा के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जब आरोपी को वाहन से थाना ला रही थी, तभी उसने अचानक गाड़ी से कूदकर भागने की कोशिश की। इस दौरान थाना प्रभारी मुकेश कुमार और एसआई वर्षा कुमारी ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए करीब एक किलोमीटर तक पीछा कर आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि पैसों के लेनदेन को लेकर जंगबहादुर पासवान की हत्या की गई थी। आरोपी के खिलाफ पहले से भी बाइक चोरी सहित अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। चार वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई करते हुए न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।