न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी टूटने के डर से एक युवक ने अपनी नाबालिग प्रेमिका की कुआं में धक्का देकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले का खुलासा भभुआ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मनोरंजन भारती ने प्रेस वार्ता के दौरान किया।
एसडीपीओ ने बताया कि बीते शुक्रवार को बेलांव थाना क्षेत्र के नौहट्टा गांव स्थित एक सुनसान जगह के कुआं से एक नाबालिग किशोरी का शव बरामद किया गया था। मृतिका की पहचान प्रियंका कुमारी के रूप में हुई। इस संबंध में मृतिका के पिता अशोक पासवान ने बेलांव थाना में आवेदन देकर अज्ञात व्यक्ति पर बेटी को बहला-फुसलाकर घर से ले जाने और हत्या करने का आरोप लगाया था।
मामले की जांच डीआईयूएम के अधिकारी अवधेश द्वारा की गई, जिसमें करमचट थाना क्षेत्र के बहेरी गांव निवासी नंदू बिंद के पुत्र सचिन कुमार को दोषी पाया गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जब पूछताछ की तो आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सचिन कुमार ई-रिक्शा चालक है। इसी दौरान एक बार मृतिका उसके ई-रिक्शा में बैठी थी और फोन-पे से किराया भुगतान किया था। इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। इसी बीच आरोपी की शादी कहीं और तय हो गई। शादी में किसी तरह की बाधा न आए, इसी डर से उसने प्रेमिका की हत्या की योजना बना ली।
एसडीपीओ ने बताया कि 12 जनवरी 2026 को मृतिका के माता-पिता किसी रिश्तेदार के यहां दाह संस्कार में गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने रात में मृतिका को फोन कर नौहट्टा गांव के एक सुनसान स्थान पर स्थित कुआं के पास बुलाया। वहां बातचीत के दौरान मौका पाकर आरोपी ने किशोरी को कुआं में धक्का दे दिया और फरार हो गया। कुआं में डूबने से किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि कुआं के पास से बरामद किशोरी के मोबाइल फोन की तकनीकी जांच में आरोपी से हुई बातचीत के पुख्ता साक्ष्य मिले हैं। इसके आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
एसडीपीओ मनोरंजन भारती ने कहा कि पुलिस पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और दोषी को कड़ी सजा दिलाने के लिए ठोस साक्ष्यों के साथ न्यायालय में मजबूत पक्ष रखेगी।
































