कैमूर में शराब माफियाओं की दबंगई: किसान को मारी टक्कर, फिर फायरिंग कर भागे तस्कर

न्यूज़ स्कैन ब्यूरो, कैमूर
बिहार में लागू शराबबंदी की पोल लगातार खुल रही है। पुलिस की चौकसी से बचने के लिए शराब तस्करों ने अब लिंक रोड का रास्ता पकड़ लिया है और खुलेआम कानून को चुनौती दे रहे हैं। ताजा मामला मोहनिया थाना क्षेत्र के बरखर गांव का है, जहां शराब से लदी बाइक गड्ढे में गिर पड़ी और सड़क किनारे बैठे किसान को टक्कर मार दी। हादसे के बाद पकड़े जाने के डर से तस्करों ने हवाई फायरिंग की और बोरी भर शराब लूटकर फरार हो गए।

बताया जाता है कि मंगलवार की देर रात किसान धीरेंद्र कुमार अपने खेत के सामने सड़क किनारे बैठा था। तभी बाइक पर बोरा भर शराब लेकर दो तस्कर पहुंचे। अंधेरे में बाइक गड्ढे में फिसली और किसान को धक्का मारते हुए नहर में पलट गई। किसान घायल होकर चीखने लगा तो पीछे से आ रहे तस्करों के साथी दूसरी बाइक से पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। धमकी दी गई कि “जो भी पास आएगा, गोली मार देंगे।” इसके बाद वे बोरी में भरी शराब उठाकर दूसरी बाइक पर लाद ले गए और अपनी दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी मौके पर ही छोड़कर भाग निकले।

घटना से इलाके में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने सुबह पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही मोहनिया पुलिस मौके पर पहुंची और नहर में गिरी तस्करों की बाइक और खोखा बरामद कर लिया।

घायल किसान धीरेंद्र कुमार के भाई अमरेंद्र ने बताया – “मेरे भाई खेत में पटवन कर रहे थे तभी शराब से लदी बाइक गड्ढे में गिरी और उन्हें धक्का मार दिया। जब उन्होंने शोर मचाया तो तस्करों ने गोली चला दी और शराब लेकर भाग गए।”

मोहनिया डीएसपी प्रदीप कुमार ने पुष्टि करते हुए कहा – “शराब तस्करों की बाइक दुर्घटनाग्रस्त हुई और किसान को चोट आई है। ग्रामीणों का कहना है कि फायरिंग भी हुई है। पुलिस ने बाइक जप्त कर ली है, घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए गए हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है।”