कैमूर में शुरू हुआ क्रैश कोर्स अभियान, कमजोर छात्राओं को मिलेगा 3 घंटे का अतिरिक्त क्लास

  • भभुआ के राजकीय राज संपोषित बालिका +2 उच्च विद्यालय में नगर परिषद सभापति ने किया उद्घाटन


न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
पढ़ाई में कमजोर छात्राओं को मजबूत आधार देने के लिए बिहार सरकार द्वारा शुरू किए गए क्रैश कोर्स अभियान का आज कैमूर जिले में शुभारंभ हो गया। भभुआ स्थित राजकीय राज संपोषित बालिका उच्च माध्यमिक (+2) विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में नगर परिषद सभापति विकास तिवारी (बब्लू तिवारी) ने अभियान का उद्घाटन किया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।
उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का छात्राओं ने स्वागत गीत के माध्यम से अभिवादन किया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अशोक राम ने बताया कि बिहार सरकार द्वारा राज्य के सभी 10+2 उच्च विद्यालयों में बेहतर शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान 1 दिसंबर से परीक्षा तक संचालित किया जाएगा।
कमजोर छात्राओं के लिए विशेष 3 घंटे की क्लास
अशोक राम ने कहा कि पढ़ाई में कमजोर छात्राओं के लिए प्रतिदिन 3 घंटे का एक्स्ट्रा क्लास (10 बजे सुबह से 1 बजे तक) चलाया जाएगा। इस पहल से छात्राओं की शैक्षणिक तैयारी को मजबूती मिलेगी और उन्हें परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन का अवसर मिलेगा।
नगर परिषद सभापति विकास तिवारी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की इस पहल का उद्देश्य उन छात्राओं को मुख्यधारा की पढ़ाई से जोड़ना है, जो किसी कारणवश पीछे रह जाती हैं। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और उपलब्ध अवसर का पूरा लाभ उठाएं।
“शिक्षा जीवन को उज्ज्वल बनाती है”
सभापति तिवारी ने कहा, “शिक्षा कभी नुकसान नहीं करती, बल्कि जीवन को उज्ज्वल बनाती है। सरकार की यह पहल छात्राओं को मजबूत आधार प्रदान करेगी और उनके भविष्य को संवारने में मददगार होगी।”
विद्यालय परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम पूरे उत्साह के साथ संपन्न हुआ। छात्राओं में क्रैश कोर्स को लेकर उत्सुकता और खुशी देखी गई, क्योंकि उन्हें नियमित पढ़ाई के अलावा अतिरिक्त मार्गदर्शन का अवसर मिलने जा रहा है।