न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
क़ैमूर जिले में आम नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र और सम्मानजनक समाधान सुनिश्चित करने के लिए नई जन-सुनवाई योजना लागू की गई है। बिहार सरकार के निर्देशों के आलोक में जिले के जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने रविवार को संयुक्त प्रेस वार्ता कर इस योजना की रूपरेखा और कार्य-योजना की जानकारी दी।
मुख्य बातें:
जन-सुनवाई का समय: 19 जनवरी 2026 से जिले के पंचायत स्तर से लेकर जिला कार्यालयों तक, सप्ताह में दो दिन (सोमवार और शुक्रवार) विशेष रूप से आम जनता की समस्याओं को सुनने के लिए निर्धारित किए गए हैं।
अधिकारी की उपस्थिति: प्रत्येक अधिकारी इन दिनों अपने कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। यदि कोई अधिकारी अनुपस्थित रहेगा, तो अधिकृत अन्य अधिकारी जनता की समस्याओं का समाधान करेंगे।
कार्यालय स्तर: यह व्यवस्था ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल और जिला कार्यालयों सभी पर लागू होगी।
जनता की सुविधा: सभी कार्यालयों में आगंतुकों के बैठने की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल और शौचालय की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी। शिकायतों के निवारण के लिए शिकायत पंजी संधारित किया जाएगा।
पारदर्शिता सुनिश्चित करना: जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी को नोडल ऑफिसर बनाया गया है। वे प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को होने वाली जन-सुनवाई की फोटोग्राफी और रिपोर्ट संकलित कर सीधे जिला पदाधिकारी को सौंपेंगे।
विशेष सुविधा बुजुर्गों के लिए:
क़ैमूर एसपी हरि मोहन शुक्ला ने बताया कि 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को थाने आने की आवश्यकता नहीं होगी। पुलिस उनका घर जाकर उनकी समस्याओं का निदान करेगी।
जिला पदाधिकारी नितिन कुमार सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अधिकारी आगंतुकों से सम्मानपूर्वक मिलें, उनकी शिकायतों को संवेदनशीलता से सुनें और त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। अतिरिक्त प्रभार वाले अधिकारी भी समय बांटकर अपने संबंधित कार्यालयों में उपस्थित रहेंगे।
क़ैमूर में नई जन-सुनवाई योजना, अधिकारी करेंगे “अतिथि देव भव” के तर्ज पर कार्य

































